सोलर रूफटॉप पर मिलेगा ₹1.10 लाख तक अनुदानः डीसी
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने नागरिकों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत घरों की छत पर सोलर प्लांट लगाने पर केंद्र व हरियाणा सरकार की ओर से अधिकतम 1.10 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार 1 से 3 किलोवाट तक के रूफटॉप सोलर प्लांट पर 30 हजार से 78 हजार रुपये तक अनुदान देती है। वहीं, 1.80 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले पात्र परिवारों को हरियाणा सरकार की ओर से 1 किलोवाट पर 25 हजार और 2 किलोवाट पर 50 हजार रुपये अतिरिक्त अनुदान दिया जा रहा है। इसके लिए औसत बिजली खपत 200 यूनिट प्रतिमाह तक होना जरूरी है।
सौर ऊर्जा प्रोत्साहन योजना के तहत बिजली वितरण कंपनियां 5 किलोवाट तक के प्लांट के लिए 19,500 रुपये प्रति किलोवाट तक ब्याजमुक्त ऋण भी उपलब्ध करा रही हैं।
पात्र नागरिक योजना के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद डिस्कॉम की मंजूरी, पंजीकृत विक्रेता से स्थापना और नेट मीटर की प्रक्रिया पूरी होने पर सब्सिडी सीधे बैंक खाते में जमा की जाएगी। हेल्पलाइन 15555 और 1912 पर जानकारी ली जा सकती है।

Girish Saini

