मानसिक बाधाएं तोड़ लक्ष्य साधें विद्यार्थी, सेमिनार में दिए सफलता के मंत्र

मानसिक बाधाएं तोड़ लक्ष्य साधें विद्यार्थी, सेमिनार में दिए सफलता के मंत्र

रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय बाबा बंदा बहादुर पब्लिक स्कूल में हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद के बाल सलाह, परामर्श एवं कल्याण केंद्रों के तत्वावधान में किशोर विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए आयोजित सेमिनार में मंडलीय बाल कल्याण अधिकारी एवं राज्य नोडल अधिकारी अनिल मलिक ने विद्यार्थियों को सपनों को लक्ष्य में बदलने के व्यावहारिक तरीके बताए।

उन्होंने कहा कि सफलता के लिए अपनी रुचियों और क्षमताओं की पहचान, स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन और निरंतर प्रयास जरूरी हैं। असफलता का डर, आत्म-संदेह और पूर्णता का अनावश्यक दबाव लक्ष्य प्राप्ति में बाधक बनते हैं। उन्होंने नकारात्मक विचारों को पहचानने और तथ्यों के आधार पर उनका मूल्यांकन करने की तकनीकें भी समझाई।

प्राचार्य सलिल मेहता ने कहा कि आत्मविश्वास और उचित मार्गदर्शन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में अहम हैं।