एमडीयू में 16 सितंबर को संस्कृत का हुनर दिखाएंगे विद्यार्थी
भाषण, श्लोकोच्चारण और सूक्ति-लेखन का होगा आयोजन।
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू में विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा और भारतीय ज्ञान-परंपरा से जोड़ने के लिए 16 सितंबर को विभिन्न संस्कृत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें विवि से संबद्ध महाविद्यालयों, विभागों और संस्थाओं के विद्यार्थी प्रतिभागिता करेंगे।
विभागाध्यक्ष डॉ. श्रीभगवान ने बताया कि प्रतियोगिताएं एफडीसी के द्वितीय तल पर सुबह 9 बजे से शुरू होंगी। इनमें संस्कृत भाषण, श्लोकोच्चारण और सूक्ति-लेखन प्रतियोगिताएं शामिल हैं। प्रत्येक महाविद्यालय, विभाग या संस्था से प्रत्येक प्रतियोगिता में दो विद्यार्थी हिस्सा ले सकेंगे।
आयोजन सचिव डॉ. सुषमा नारा ने बताया कि भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को 3 से 5 मिनट मिलेंगे। भाषण संस्कृत में देना होगा और लिखित सामग्री देखकर पढ़ने की अनुमति नहीं होगी। कृत्रिम बुद्धिमत्ता—वरदान या अभिशाप, भारतीय ज्ञान-परंपरा की प्रासंगिकता, वसुधैव कुटुम्बकम्, संस्कृत भाषा का महत्त्व सहित विभिन्न विषय निर्धारित किए गए हैं।
श्लोकोच्चारण में शुद्ध उच्चारण, स्वर, लय, गति, स्मरण और प्रस्तुतीकरण को आधार बनाया जाएगा। वहीं, सूक्ति-लेखन के लिए अधिकतम एक घंटे का समय मिलेगा। इसमें भाषा-शुद्धता, विषयानुकूलता, संक्षिप्तता और प्रभावोत्पादकता पर अंक दिए जाएंगे।

Girish Saini 

