टैलेंट सर्च में विद्यार्थियों ने मंच पर बिखेरे प्रतिभा के रंग
रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय लाल नाथ हिंदू कॉलेज में छात्र कल्याण विभाग द्वारा आयोजित टैलेंट सर्च प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने गायन, वादन, नृत्य, रंगमंच, कविता पाठ समेत विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार तनेजा ने कहा कि टैलेंट सर्च केवल मंच पर प्रदर्शन का अवसर नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे सही दिशा देने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी क्षमताओं का सदुपयोग करते हुए भविष्य में उपलब्ध विभिन्न मंचों पर प्रतिभा प्रदर्शित करने का आह्वान किया।
समन्वयिका डॉ. अंजू देशवाल और सह-समन्वयिका डॉ. रजनी कुमारी ने बताया कि विभिन्न स्पर्धाओं में अनिष्का ने मंच संचालन, विपिन ने नृत्य, रितिका ने रंगोली, संजू ने क्ले मॉडलिंग, नजर ने स्लोगन राइटिंग, अनुष्का ने बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, नव्या ने कोलाज, हरिप्रिया एवं समूह ने नाटक, हरिप्रिया ने संगीत, मुस्कान ने हिंदी वाद-विवाद, सपना ने संस्कृत श्लोकोच्चारण, मोहिनी ने हिंदी कविता, वैष्णवी ने अंग्रेजी वाद-विवाद तथा तमन्ना ने मेहंदी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। विजेताओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। मंच संचालन डॉ. रीना कत्याल ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Girish Saini 

