हिंदी के रंगों में सजे स्लोगनों से विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता

हिंदी के रंगों में सजे स्लोगनों से विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के हिंदी एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हिंदी सप्ताह के तहत हिंदी दिवस की पूर्व संध्या पर स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हिंदी के महत्व, समृद्धि, समकालीन प्रासंगिकता और वैश्विक विस्तार को रचनात्मक स्लोगनों के माध्यम से अभिव्यक्त किया।

प्रतियोगिता की संयोजक डॉ. कल्पना रहीं। कार्यक्रम हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. राकेश बहमनी के निर्देशन तथा विभाग प्रभारी डॉ. गीतू की देखरेख में आयोजित हुआ। विद्यार्थियों ने रंगों, शब्दों और कल्पनाशील अभिव्यक्तियों के माध्यम से हिंदी के प्रति अपने लगाव को कागज पर उकेरा। स्लोगनों में हिंदी की अस्मिता, अभिव्यक्ति की शक्ति, तकनीकी युग में भाषा की भूमिका और विश्व स्तर पर हिंदी की बढ़ती उपस्थिति जैसे विषय प्रमुख रहे।

डॉ. गीतू ने कहा कि वर्तमान दौर तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का है, जहां चैट जीपीटी जैसे माध्यम अभिव्यक्ति के नए रास्ते खोल रहे हैं। ऐसे में स्लोगन लेखन जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों को अपनी भाषा में सोचने, महसूस करने और भावों को रचनात्मक ढंग से व्यक्त करने का अवसर देती हैं। उन्होंने कहा कि भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि संवेदना, संस्कृति और सृजनात्मक चेतना की वाहक भी है।

प्रतियोगिता में बीएससी-बीएड और बीए-बीएड आईटीईपी के विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की। इस दौरान डॉ. शर्मीला, डॉ. कुलदीप, डॉ. ऊष्मा, शोधार्थी और विद्यार्थी मौजूद रहे।