दृढ़ निश्चय से मेहनत करें विद्यार्थी, लक्ष्य जरूर मिलेगाः एसडीएम अंकिता पुवार

दृढ़ निश्चय से मेहनत करें विद्यार्थी, लक्ष्य जरूर मिलेगाः एसडीएम अंकिता पुवार

सांपला, गिरीश सैनी। सेवा संकल्प अभियान के तहत उपमंडलाधीश अंकिता पुवार ने मोरखेड़ी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का दौरा कर विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए दृढ़ निश्चय और निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन के साथ विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकों का भी अध्ययन करना चाहिए। स्मार्ट बोर्ड के महत्व पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि दृश्य माध्यम से बच्चे विषयों को अधिक आसानी से समझते और सीखते हैं।

उपमंडलाधीश ने पोषण माह के तहत संतुलित आहार, स्तनपान, पूरक आहार, स्वच्छ पानी और स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पोषण माह 8 अक्तूबर तक चलेगा। सही पोषण को जन आंदोलन बनाने और स्वस्थ भारत के निर्माण में सभी की भागीदारी जरूरी है। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, अधिकारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।