जीवन में सफलता के लिए विद्यार्थी किताबों से दोस्ती करेः कुलपति प्रो. राजबीर सिंह

एमडीयू में छठा पुस्तक मेला-2023 शुरू।

जीवन में सफलता के लिए विद्यार्थी किताबों से दोस्ती करेः कुलपति प्रो. राजबीर सिंह

रोहतक, गिरीश सैनी। किताबें हमारे जीवन में अहम भूमिका निभाती हैं। जीवन में सफलता के लिए विद्यार्थी किताबों से दोस्ती करें। यह विचार महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने मंगलवार को एमडीयू के विवेकानंद पुस्तकालय द्वारा आयोजित छठे पुस्तक मेले-2023 का उद्घाटन करते हुए व्यक्त किए।

कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने कहा कि पुस्तकालय किसी भी शैक्षणिक संस्थान की आत्मा होती है। उन्होंने कहा कि सफलता का पुस्तकालय एवं पुस्तकों से अटूट संबंध हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पुस्तकालय से प्रेम करने तथा किताबों से दोस्ती करने का आह्वान किया। कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने विवेकानंद पुस्तकालय के अध्यक्ष डॉ. सतीश मलिक और उनकी टीम को इस तीन दिवसीय पुस्तक मेले के आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

बतौर मुख्य अतिथि हरियाणा साहित्य अकादमी के उपाध्यक्ष एवं केंद्रीय विवि, धर्मशाला, हिमाचल प्रदेश के पूर्व कुलपति प्रो. कुलदीप चंद अग्निहोत्री ने इस कार्यक्रम में शिरकत करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में पुस्तकों का अहम महत्व है। किताबों के बिना शिक्षा का कोई अर्थ नहीं। उन्होंने वर्तमान समय में विद्यार्थियों में पुस्तकों को पढ़ने की रुचि बढ़ाने की बात पर बल देने की बात कही। उन्होंने कहा कि एमडीयू आज हरियाणा के विकास का सिंबल है।

विवेकानंद पुस्तकालय के अध्यक्ष डॉ. सतीश मलिक ने पुस्तक मेला-2023 बारे जानकारी देते हुए बताया की इस पुस्तक मेला में 50 से ज्यादा प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुस्तक प्रकाशन समूह भाग ले रहे हैं। इस पुस्तक मेला में 50 हजार से ज्यादा पुस्तकें प्रदर्शित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मीट टू ऑथर्स, बुक डिस्कशन और बुक रिलीज जैसे स्पेशल फीचर्स को इस पुस्तक मेले में शामिल किया गया है।

डीन सीडीसी प्रो. ए.एस. मान ने स्वागत भाषण देते हुए जीवन में पुस्तकों की महत्ता पर प्रकाश डाला। डीन, एकेडमिक अफेयर्स प्रो. सुरेंद्र कुमार ने आभार जताते हुए कहा कि पुस्तक लिखना सरल कार्य नहीं है, विरले इंसान ही पुस्तक लेखन कार्य कर पाते हैं। प्रो. एन.के. स्वैन ने मंच संचालन किया। इस अवसर पर डॉ. ज्योतिराज की पुस्तक- मेरे भीतर मैं भरी हूं तथा डॉ.परमजीत सिंह की पुस्तक- साइबर सिक्यूरिटी का विमोचन किया गया। दोनों लेखकों ने अपनी-अपनी पुस्तक बारे प्रकाश डाला।

उद्घाटन सत्र के उपरांत मुख्य अतिथि प्रो. कुलदीप चंद अग्निहोत्री, कुलपति प्रो. राजबीर सिंह समेत अन्य अतिथियों ने पुस्तक मेले की विजिट की और प्रकाशन समूहों से वहां उपलब्ध पुस्तकों बारे जानकारी प्राप्त की। इस दौरान एमडीयू के संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, गैर शिक्षक कर्मी, शोधार्थी, विद्यार्थी, शहर के प्रबुद्धजन, पुस्तक प्रेमी, प्रकाशन समूहों के सदस्य मौजूद रहे।