लक्ष्य प्राप्ति के लिए अनुशासन में रहकर नियमित कठिन परिश्रम करें विद्यार्थीः डीसी सचिन गुप्ता
जिला प्रशासन की नई पहल के तहत शुरू सुपर 40 के प्रथम बैच के विद्यार्थियों से किया संवाद।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिला में सुपर 100 की तर्ज पर शुरू किये गए सुपर 40 कार्यक्रम के पहले बैच के विद्यार्थियों के साथ संवाद किया तथा आगामी नीट परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे लक्ष्य की प्राप्ति के लिए नियमित कठिन परिश्रम करें। सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थी किसी से कम नहीं हैं और वे शिक्षा, खेल व अन्य क्षेत्रों में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
उपायुक्त सचिन गुप्ता स्थानीय हिसार रोड स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शिक्षा विभाग द्वारा शुरू किए गए नीट क्रैश कोर्स के प्रथम बैच के विद्यार्थियों से संवाद कर रहे थे। ये बैच गत 1 अप्रैल 2026 से शुरू हुआ है। उन्होंने विद्यार्थियों को नीट परीक्षा के बारे में महत्वपूर्ण टिप्स भी दिए। उन्होंने सुपर 40 के प्राध्यापकों से भी संवाद करते हुए कहा कि वे आगामी सत्र के लिए 11वीं व 12वीं कक्षाओं का सुव्यवस्थित शेड्यूल तैयार करें तथा विद्यार्थियों के सभी कॉन्सेप्ट पूरी तरह स्पष्ट करवाएं।
उपायुक्त ने अभिभावकों से भी बातचीत करते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा यह नई पहल विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई है, ताकि वे भी निजी विद्यालयों व कोचिंग संस्थानों के समान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकें।
उपायुक्त ने कहा कि इस कार्यक्रम में सरकारी विद्यालयों के ही अनुभवी अध्यापक विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे नीट और आईआईटी की तैयारी उसी पैटर्न पर कराएंगे, जिस प्रकार सुपर 100 में कराया जाता है। आगामी सत्र से इस कार्यक्रम को और व्यापक रूप दिया जाएगा। कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए एक वर्ष का नियमित कोर्स संचालित किया जाएगा, जिसमें स्कूल पाठ्यक्रम के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को इस स्तर तक तैयार करना है कि वे देश के प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे एम्स, आईआईटी आदि में चयनित हो सकें और यह धारणा समाप्त हो कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा केवल निजी संस्थानों में ही उपलब्ध है।
जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक ने कहा कि उपायुक्त के मार्गदर्शन में यह पहल उन विद्यार्थियों के लिए शुरू की गई है, जो किसी कारणवश सुपर 100 में प्रवेश नहीं पा सके। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी गीता राठी, प्राचार्या डॉ. श्वेता अहलावत सहित विषय विशेषज्ञ, स्कूल स्टाफ तथा अभिभावक मौजूद रहे।

Girish Saini 

