राष्ट्र निर्माण में योगदान दें विद्यार्थी : डॉ. अमित आर्य
सुपवा में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कुलपति डॉ. अमित आर्य ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इससे पहले उन्होंने सूर्य कवि दादा लख्मीचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। सुरक्षा प्रभारी कैप्टन प्रेम सिंह के नेतृत्व में सुरक्षा कर्मियों ने कुलपति को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. आर्य ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन किया और विद्यार्थियों व विवि समुदाय से उनके साहस, अनुशासन एवं सेवा भावना से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। कुलपति ने कहा कि ज्ञान, नवाचार, शोध और सामाजिक जिम्मेदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देना सभी की जिम्मेदारी है।
आर्किटेक्चर के छात्र केशव ने गिटार वादन से देशभक्ति का माहौल बनाया। ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के बाद राष्ट्रगान हुआ। हर घर तिरंगा अभियान के तहत रंगोली बनाने वाले विजुअल आर्ट्स के विद्यार्थियों को कुलपति ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रोफेसर सुप्री माहेश्वरी ने किया।
इस दौरान कुलसचिव डॉ. गुंजन मलिक मनोचा, डीन अकादमिक अफेयर्स डॉ. अजय कौशिक, फैकल्टी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन के एफसी महेश टीपी, प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर के एफसी अजयबाहु जोशी, विजुअल आर्ट्स से विनय कुमार तथा फैशन डिजाइन की डॉ. शैली खन्ना सहित सुपवा के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।
Girish Saini 

