कानून का ज्ञान प्राप्त कर छात्राएं बनें जिम्मेदार नागरिकः सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान

रोहतक, गिरीश सैनी। खंड कलानौर स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने रोहतक में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में कोर्ट परिसर का शैक्षणिक भ्रमण किया, जिसका उद्देश्य छात्राओं को कानूनी प्रक्रियाओं और न्याय प्रणाली की कार्यप्रणाली से परिचित कराना था।
इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने एक विशेष पौधा वितरण अभियान के तहत छात्राओं और उपस्थित जन को पौधे वितरित किए। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देना था।
सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने छात्राओं को लोक अदालत के महत्व और इसके माध्यम से मामलों के त्वरित और सौहार्दपूर्ण निपटारे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को कानूनी रूप से जागरूक होने के महत्व पर भी प्रकाश डाला और उन्हें भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य देवेंद्र कटारिया व अल्का मदान ने छात्राओं को यह महत्वपूर्ण अनुभव प्रदान करने और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए प्राधिकरण का आभार व्यक्त किया।