मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना अपनाएं विद्यार्थीः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान

एनएसएस विशेष शिविर के दौरान नुक्कड़ नाटक से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश।

मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना अपनाएं विद्यार्थीः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान

इंद्री, गिरीश सैनी। माई भारत पोर्टल युवाओं को देश की विकासात्मक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और विभिन्न अवसरों से जोड़ने वाला एक प्रभावी मंच है, जिसके माध्यम से युवा स्वयंसेवा, कौशल विकास, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेकर अपने व्यक्तित्व का विकास कर सकते हैं। ये उद्गार हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ वीरेंद्र सिंह चौहान ने शहीद उधम सिंह राजकीय महाविद्यालय मटक माजरी, इंद्री में आयोजित सात दिवसीय एनएसएस विशेष शिविर के चौथे दिन विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह बागी ने डॉ. चौहान का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।

डॉ वीरेंद्र सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक संख्या में माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि हमारे देश की मिट्टी से बढ़कर कुछ भी नहीं है। उन्होंने भगवान श्रीराम का उदाहरण देते हुए कहा कि लंका विजय के बाद भी उन्होंने स्वर्णमयी लंका में रहने की बजाय अपनी मातृभूमि अयोध्या लौटना उचित समझा, क्योंकि मातृभूमि का सम्मान और उससे जुड़ाव स्वर्ग के सुख से भी बढ़कर होता है।

राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि ये राष्ट्र सेवा का सशक्त माध्यम है। एनएसएस युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करता है, जिससे युवा समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभा सकते हैं।

प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह बागी ने कहा कि माई भारत पोर्टल युवाओं को नई दिशा देने वाला मंच है, जो समाज सेवा और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के अवसर प्रदान करता है। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. कुलदीप ने स्वयंसेवकों को शिविर की आगामी गतिविधियों की जानकारी दी। दोपहर के सत्र में डिजिटल दुनिया में सफल करियर के लिए आवश्यक कौशल विषय पर आयोजित एक विशेष व्याख्यान में बतौर मुख्य वक्ता डॉ. एस.बी. भारद्वाज ने संबोधित किया।

अंत में डॉ. बाल ऋषि ने आभार व्यक्त किया। मंच संचालन स्वयंसेविकाओं रूपाक्षी और महक ने किया। इसके पश्चात स्वयंसेवकों ने चारों ओर होगी हरियाली विषय पर एक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और स्वच्छ वातावरण के महत्व का प्रभावशाली संदेश दिया। इस दौरान कॉलेज काउंसिल के सदस्य डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ. राजकुमार, डॉ. रणवीर सिंह, डॉ. अनीता, डॉ. मीनाक्षी, डॉ प्रदीप सहित एनएसएस स्वयंसेवक मौजूद रहे।