संचार कौशल और तकनीकी कौशल विकसित कर जीवन का मुकाम हासिल करें छात्राएं: सुनित मुख़र्जी  

छात्राओं को दिया कम्युनिकेट विद कॉन्फिडेंस का मंत्र। 

संचार कौशल और तकनीकी कौशल विकसित कर जीवन का मुकाम हासिल करें छात्राएं: सुनित मुख़र्जी  

रोहतक, गिरीश सैनी। बेटियां कुलज्योति होती हैं। बेटियां समाज में सामाजिक अलख जगाने, सामुदायिक सरोकारों को आगे बढ़ाने तथा करियर में ऊंचाइयां प्राप्त करने सक्षम हैं। ज़रूरत है कि संचार कौशल समेत तकनीकी कौशल विकसित कर छात्राएं करियर तथा जीवन में अपना मुकाम हासिल करें। ये उदगार प्रतिष्ठित मोटिवेशनल स्पीकर एवं एमडीयू के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के प्राध्यापक सुनित मुख़र्जी ने सोमवार को महारानी किशोरी जाट कन्या महाविद्यालय में आयोजित विशेष व्याख्यान कार्यक्रम में व्यक्त किए।
  
मुख्य अतिथि सुनित मुख़र्जी ने कम्युनिकेशन स्किल्स टू बी अ कम्युनिटी लीडर विषय पर प्रभावशाली व्याख्यान देते हुए कहा कि महिलायें ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकार, विधिक जागरूकता, प्रबंधन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, प्रशासन, स्वास्थ्य समेत अन्य क्षेत्रों में प्रभावी लीडरशिप प्रदान कर रही हैं। उन्होंने अनेक प्रभावी कम्युनिटी लीडर्स का उदाहरण साझा करके उनके जीवन एवं कार्यों से प्रेरणा लेने की सीख छात्राओं को दी। 

कम्युनिकेट विद कॉन्फिडेंस का मंत्र छात्राओं को देते हुए सुनित मुख़र्जी ने उनको नियमित रूप से समाचार पत्र पढ़ने, सामान्य ज्ञान अपडेट करने, आईसीटी तथा एआई स्किल्स सिखने की सलाह दी। करियर लक्ष्य हासिल करने में संचार कौशल के महत्व को विशेष रूप से उन्होंने रेखांकित किया।
  
प्रारंभ में कार्यक्रम संयोजिका, अंग्रेज़ी विभाग की प्राध्यापिका सोफ़िया जाखड़ ने आमंत्रित वक्ता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि छात्राओं में कम्युनिकेशन स्किल्स विकसित करने में यह व्याख्यान सहायक होगा। 

प्राचार्या डॉ. रश्मि लोहचब ने अपने संदेश में कहा कि छात्राओं की कैपेसिटी बिल्डिंग के लिए यह व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कॉमर्स विभाग की प्राध्यापिका रेखा सहित बीए तथा बीकॉम की छात्राएं मौजूद रही। प्रतिभागी छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए इस व्याख्यान कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।