व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों को दी करियर एवं रोजगार योजनाओं की जानकारी

व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों को दी करियर एवं रोजगार योजनाओं की जानकारी

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता के मार्गदर्शन में मंडल रोजगार कार्यालय द्वारा आयोजित व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह के तहत विभिन्न राजकीय विद्यालयों में संगोष्ठियों का आयोजन कर विद्यार्थियों को करियर चयन, कौशल विकास, व्यावसायिक शिक्षा तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

मंडल रोजगार अधिकारी सोनम गोयल ने बताया कि इस दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बलियाना, खेड़ी साध, खरावड़, गांधरा, अटायल एवं चुलियाणा तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खरावड़ एवं गांधरा में आयोजित संगोष्ठियों में मोनिका सिंह एवं अभिमन्यु ने बतौर मुख्य वक्ता, विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

विद्यार्थियों को बताया गया कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप ही करियर का चयन करना चाहिए। किसी भी क्षेत्र में सफलता के लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन और स्पष्ट लक्ष्य का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को सामान्य ज्ञान बढ़ाने तथा सफल एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्वों की जीवनी पढ़ने के लिए भी प्रेरित किया। साथ ही, विद्यार्थियों से अपनी क्षमताओं और कमियों का सही आकलन करने तथा कमियों को दूर करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

इस दौरान विद्यार्थियों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न रोजगारोन्मुखी योजनाओं, जैसे सक्षम युवा योजना, प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना एवं प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अलावा रोजगार विभाग की वेबसाइट एवं एनसीएस पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया और उसके लाभों से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।