पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थियों ने जानी हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत

पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थियों ने जानी हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत तथा सांझी की पुरातन परंपरा की जीवंत झलक एमडीयू के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विद्यार्थियों ने फील्ड विजिट में देखी एवं जानी। विद्यार्थियों ने स्थानीय एंडी स्टूडियो में आयोजित की जा रही राज्य स्तरीय सांझी उत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा हरियाणवी संस्कृति से रूबरू हुए।

 
विभाग के प्राध्यापक तथा इस शैक्षणिक विजिट के संयोजक सुनित मुखर्जी ने बताया कि इस दौरान विद्यार्थियों ने हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत को जाना-समझा तथा ग्राउंड रिपोर्टिंग के गुर सीखे। साथ ही, फोटोग्राफी क्लब की एक्टिविटी के तहत मोबाइल फोटोग्राफी तथा वीडियोग्राफी की।

 
विद्यार्थियों ने हरियाणा के प्रतिष्ठित संस्कृति कर्मी रघुविन्द्र मलिक से हरियाणवी विरासत प्रदर्शनी के विविध मनमोहक वस्तुओं के बारे में विस्तारपूर्वक जाना। डा. कृष्णा चौधरी ने विद्यार्थियों को समाज में संस्कृति के महत्व तथा संस्कृति कर्मी सुरेन्द्र नरवाल ने राज्य स्तरीय सांझी उत्सव के बारे में बताया।

 
एमडीयू एलुमिनस तथा संस्कृति-मीडिया कर्मी हरविन्द्र मलिक ने हरियाणवी संस्कृति तथा विरासत के संरक्षण में एंडी स्टूडियो के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी तकनीकी कौशल के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक विरासत को भी जरूरी रूप से जाने-समझे। इस दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक झलक संगीत-नृत्य की लाइव रिकॉर्डिंग भी देखी।

 
नाथ संप्रदाय से जुड़े हरियाणा के नामी बीन पार्टी के साथ विद्यार्थी जमकर झूमे। प्राध्यापक सुनित मुखर्जी ने बताया कि विद्यार्थियों के बहुआयामी क्षमता संवर्धन, ज्ञान विस्तारण तथा रिपोर्टिंग कौशल विकास में यह विजिट एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों ने हरियाणा के गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को इस विजिट में आत्मसात किया।