बीएमयू में विद्यार्थियों ने लिया प्लास्टिक मुक्त परिसर बनाने का संकल्प
प्लास्टिक को त्याग कर कपड़े, जूट एवं कागज से बने थैलों का करें प्रयोगः कुलपति प्रो. एच.एल. वर्मा

रोहतक, गिरीश सैनी। अंतर्राष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस के उपलक्ष्य में स्थानीय बाबा मस्तनाथ विवि में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए वैकल्पिक उपाय अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कुलपति प्रो. एच.एल. वर्मा ने कहा कि प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग आज पूरे विश्व के लिए एक गंभीर संकट बन चुका है। उन्होंने कहा कि हमें व्यक्तिगत और सामाजिक स्तर पर इसका प्रयोग त्याग कर कपड़े, जूट एवं कागज से बने थैलों का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल जागरूकता ही नहीं, व्यवहार में बदलाव लाना भी समय की मांग है। कुलपति ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे प्लास्टिक मुक्त परिसर के संकल्प को आत्मसात करें और अपने घरों एवं आसपास में इसे लेकर जागरूकता फैलाएं।
कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार ने भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि प्लास्टिक का विकल्प अपनाना कोई कठिन कार्य नहीं है, केवल दृढ़ इच्छाशक्ति की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर विवि परिसर को पूर्ण रूप से प्लास्टिक मुक्त बनाएंगे। इस दौरान सभी संकायों के विद्यार्थी, शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।