स्वच्छता की पाठशाला में विद्यार्थियों ने सीखा कचरा प्रबंधन
स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत जिले में विद्यार्थियों और ग्रामीणों को स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन तथा जनभागीदारी के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई। उपायुक्त सतबीर सिंह के आदेश तथा अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत स्वच्छ पाठशाला-युवा फॉर स्वच्छता कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्वच्छता गतिविधियों में भाग लिया।
रोहतक, गिरीश सैनी। स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत जिले में विद्यार्थियों और ग्रामीणों को स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन तथा जनभागीदारी के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई। उपायुक्त सतबीर सिंह के आदेश तथा अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत स्वच्छ पाठशाला-युवा फॉर स्वच्छता कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्वच्छता गतिविधियों में भाग लिया।
ग्राम पंचायत मदीना कोरसन की प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट में छठी से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को प्लास्टिक कचरे के उचित प्रबंधन और यूनिट की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। बहुजमालपुर में विद्यार्थियों ने ठोस कचरा प्रबंधन परियोजना का भ्रमण कर कचरे के निस्तारण की प्रक्रिया समझी।
बहु अकबरपुर में विद्यार्थियों ने स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली, जबकि नांदल गांव में बच्चों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों को गीले-सूखे कचरे का पृथक्करण, प्लास्टिक कचरे के उचित निस्तारण और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
एडीसी नरेंद्र कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की दैनिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी से ही स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाया जा सकता है।
इससे पहले 17 सितंबर को एक दीया आशीर्वाद का कार्यक्रम में ठोस व तरल कचरा प्रबंधन तथा व्यक्तिगत शौचालय के लाभार्थियों के घरों में दीप जलाकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।

Girish Saini 

