साइबर हमलों से बचाव के गुर सीखे विद्यार्थियों ने
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू में विद्यार्थियों को साइबर खतरों से निपटने और डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के गुर सिखाए गए। पं. दीन दयाल उपाध्याय कौशल एवं व्यावसायिक शिक्षा केंद्र द्वारा आयोजित साइबर सुरक्षा प्लस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के 80 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इस दौरान विद्यार्थियों को साइबर हमलों की पहचान, सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार, डेटा गोपनीयता, क्रिप्टोग्राफी, नेटवर्क सुरक्षा और साइबर डिफेंस सिस्टम की जानकारी दी गई। इसके अलावा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के विभिन्न अनुप्रयोगों और डिजिटल सुरक्षा में इसकी भूमिका पर भी प्रशिक्षण दिया गया।
केंद्र के निदेशक प्रो. युद्धवीर सिंह ने कहा कि डिजिटल तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर सुरक्षा की जरूरत भी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत विद्यार्थियों को डिग्री के साथ व्यावहारिक और रोजगारपरक कौशल से जोड़ना जरूरी है। साइबर सुरक्षा और एआई जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षित युवाओं की मांग तेजी से बढ़ रही है। डॉ. कमलदीप, डॉ. रेणु नांदल, डॉ. हरकेश, डॉ. तरुण, डॉ. धीरज और डॉ. हिमांशी ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

Girish Saini 

