इनडोर खेलों से विधि विभाग के विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
कैरम, शतरंज, लूडो आदि में उत्साहपूर्वक भाग लिया
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के विधि विभाग में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और आपसी सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न इनडोर खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। विभागाध्यक्षा डॉ. सोनू देहमीवाल के मार्गदर्शन में होलिस्टिक डेवलपमेंट क्लब द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की शिक्षक समन्वयक डॉ. श्रुति सुधा आर्या ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में एकाग्रता, निर्णय क्षमता, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने कैरम, शतरंज, लूडो और सांप-सीढ़ी सहित विभिन्न खेलों में अपनी रणनीतिक सोच और खेल भावना का प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों के मानसिक एवं सामाजिक विकास के साथ सकारात्मक वातावरण और आपसी समन्वय को बढ़ावा देना रहा।

Girish Saini

