विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया

विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के पर्यावरण विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग के सौजन्य से पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य पर दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कुलपति के तकनीकी सलाहकार (प्रशासनिक) प्रो. विनोद छोकर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। कुरुक्षेत्र विवि के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. हरदीप राय शर्मा मुख्य वक्ता थे। विभागाध्यक्षा प्रो. आशा गुप्ता ने अध्यक्षता की।

मुख्य अतिथि प्रो. विनोद छोकर ने अपने संबोधन में डिजिटल प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण प्रदूषण जैसी चुनौतियों से निपटने के महत्व पर बल देते हुए हरित ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य वक्ता डॉ. हरदीप राय शर्मा ने युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि व्यक्तिगत प्रयास पर्यावरण क्षरण एवं प्रदूषण को कम करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। गिलहरी योगदान के उदाहरण के माध्यम से उन्होंने समझाया कि छोटी-छोटी कोशिशें मिलकर बड़े परिवर्तन ला सकती हैं। उन्होंने खेजड़ली आंदोलन का उल्लेख करते हुए अमृता देवी तथा बिश्नोई समुदाय के 363 लोगों के ऐतिहासिक बलिदान को याद किया। उन्होंने सुंदरलाल बहुगुणा, एम.एस. स्वामीनाथन, सलीम अली, एम.सी. मेहता तथा डॉ. राजेंद्र प्रसाद जैसे प्रमुख पर्यावरणविदों के योगदान को भी रेखांकित किया।

विभागाध्यक्षा प्रो. आशा गुप्ता ने पृथ्वी दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. अनु गुप्ता ने बताया कि पर्यावरण प्रदूषण किस प्रकार हमारी पृथ्वी के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। विद्यार्थियों में पर्यावरणीय मुद्दों के प्रति जागरूकता एवं समझ को बढ़ाने के उद्देश्य से स्लोगन लेखन, पोस्टर निर्माण तथा रंगोली निर्माण जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। निर्णायक मंडल की भूमिका प्रो. अलका शर्मा, प्रो. अनिल भानखड़, डॉ. साक्षी जैन, प्रो. अराधिता राय, डॉ. पल्लवी, प्रो. सोनिका एवं प्रो. सुमित्रा ने निभाई। विजेताओं एकता, कल्पना, पलक, महक, नैन्सी व आंचल को पुरस्कृत किया गया।