ज्ञान-विज्ञान मेले में विद्यार्थियों ने दिखाया कौशल

ज्ञान-विज्ञान मेले में विद्यार्थियों ने दिखाया कौशल

रोहतक, गिरीश सैनी। विद्या भारती हरियाणा से संबद्ध शिक्षा भारती विद्यालय, रामनगर में मंगलवार को एक दिवसीय संकुल स्तरीय ज्ञान-विज्ञान मेले का आयोजन किया गया, जिसमें रोहतक संकुल के 10 विद्यालयों के करीब 500 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गणित, विज्ञान और आईटी से जुड़े विभिन्न विषयों पर मॉडल, व चार्ट प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिताओं में विज्ञान, वैदिक गणित व आईटी प्रश्न मंच, गणित एवं विज्ञान मॉडल तथा विज्ञान व वैदिक गणित पत्रवाचन शामिल रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अतुल बंसल, ने प्रबंधक अनुराग जैन, निदेशक डॉ. संजय सोनी, संकुल प्रमुख अश्विनी कुमार, संयोजक अनिल कुमार, और प्राचार्या ममता भोला के साथ दीप प्रज्वलित कर किया।

संकुल प्रमुख अश्विनी कुमार ने कहा कि मेले का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक एवं गणितीय सोच तथा तकनीकी कौशल विकसित करना है। उन्होंने बताया कि संकुल स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी प्रांतीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।

शिक्षा भारती विद्यालय के डेरांश ने गणित प्रयोगात्मक, सिमरन ने विज्ञान प्रयोगात्मक और रुद्राक्षी ने विज्ञान पत्र वाचन में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं नव्या, अक्षरा व प्राची की टीम गणित प्रश्न मंच तथा अन्य विद्यार्थियों ने गणित व विज्ञान मॉडल में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को मेडल व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।