आईटीआई हसनगढ़ में छात्रों को किया ट्रैफिक नियमों व नशा मुक्ति के प्रति जागरूक

आईटीआई हसनगढ़ में छात्रों को किया ट्रैफिक नियमों व नशा मुक्ति के प्रति जागरूक

रोहतक, गिरीश सैनी। पुलिस विभाग की ओर से हसनगढ़ स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने एवं नशीले पदार्थों से दूर रहने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

एएसआई मोहन ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज तीनों को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें। विद्यार्थियों को ट्रैफिक नियमों के महत्व के बारे में बताते हुए हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा यातायात संकेतों का पालन करने की अपील भी की गई।

प्राचार्य रविंद्र चहल ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी छात्रों और अनुदेशकों से अपील की कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, नशे से दूर रहें और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाएं। इस दौरान एएसआई मंजीत सिंह, एएसआई सुशीला, एसपीओ आलोक, एसपीओ सुरेन्द्र, एसपीओ अशोक तथा एसपीओ जोगिन्द्र सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।