कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र की अगुवाई में किया जोरदार प्रदर्शन

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र की अगुवाई में किया जोरदार प्रदर्शन

चरखी दादरी, गिरीश सैनी। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान के तहत चरखी दादरी में जोरदार प्रदर्शन किया। स्थानीय रासीवासिया धर्मशाला से लाजपत राय चौक, पुराना बस स्टैंड, डॉ भीमराव अंबेडकर चौक, परशुराम चौक होते हुए हाथी पार्क तक सरकार विरोधी नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया गया। इससे पहले धर्मशाला में कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष सुशील धानक ने प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी जितेंद्र बघेल को स्मृति चिन्ह देकर और पगड़ी पहनाकर अभिनंदन किया। सबसे पहले आईपीएस वाई पूरन कुमार को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि चाहे केंद्र की सरकार हो या राज्य की भाजपा सरकार हो ये सब वोट चोरी की देन हैं। राहुल गांधी ने वोट चोरी का मुद्दा उठाकर भाजपा नेतृत्व को हिलाकर रख दिया है। वरिष्ठ आईपीएस वाई पूरन कुमार की आत्महत्या पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का दायित्व बनता था कि समय रहते वाई पूरन कुमार की सुनवाई करती। उन्होंने कहा कि किसान प्रताड़ना झेल रहे हैं। किसान को न उसकी फसल की एमएसपी मिल रही है और न ही खाद मिल रही है। कांग्रेस पार्टी किसान- मजदूरों के अधिकारों को लेकर आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।

प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी जितेंद्र बघेल ने कहा कि चुनाव आयोग भाजपा की कठपुतली बनकर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की एकजुटता ही इसको करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में लोकतंत्र खतरे में है। आईपीएस वाई पूरन कुमार की पत्नी न्याय की गुहार लगा रही है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। इस दुख की घड़ी में कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।

इस दौरान पूर्व विधायक गणपत राय, पूर्व सीपीएस रणसिंह मान, पूर्व विधायक धर्मपाल सांगवान, पूर्व विधायक सोमबीर सिंह, पूर्व विधायक कर्नल रघुबीर छिल्लर, पूर्व विधायक नृपेंद्र मांढी, पूर्व विधायक सोमबीर सांगवान, भिवानी जिला कांग्रेस कमेटी शहरी अध्यक्ष प्रदीप गुलिया, डॉ मनीषा सांगवान, राष्ट्रीय कन्वीनर किसान कांग्रेस राजू मान, जिलाध्यक्ष एससी सेल राजेश वाल्मीकि, जिलाध्यक्ष कांग्रेस सेवादल जयभगवान, जिलाध्यक्ष युवा कांग्रेस दीपक सांगवान, नरेंद्र दहिया पार्षद, महेश सैनी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।