महम में सफाई पर सख्ती, दुकानदारों को डस्टबिन रखना अनिवार्य
एसडीएम विपिन कुमार ने सड़कें कब्जामुक्त कराने में सहयोग की अपील की।
महम, गिरीश सैनी। शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एसडीएम विपिन कुमार ने व्यापारियों और नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। दुकानदार अपनी दुकानों पर डस्टबिन रखें और कचरा सड़कों पर न फेंकें। घरों से निकलने वाला कचरा नगरपालिका की कचरा संग्रहण गाड़ी में ही डालें।
व्यापारियों की बैठक में एसडीएम ने नगरपालिका सचिव नवीन नांदल को सड़कों पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चलाकर चालान करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगरपालिका के पार्कों के उचित रखरखाव और थाना प्रभारी सतपाल सिंह को पार्कों की सुरक्षा बढ़ाने तथा नियमित गश्त करने को कहा। शहर में मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग कराने के निर्देश भी दिए गए।

Girish Saini 

