एलपीजी गैस कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा अनाधिकृत प्रयोग का मामला मिलने पर होगी सख्त कार्रवाईः डीसी सचिन गुप्ता

मॉनिटरिंग के लिए उपायुक्त ने नियुक्त किए नोडल अधिकारी। 

एलपीजी गैस कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा अनाधिकृत प्रयोग का मामला मिलने पर होगी सख्त कार्रवाईः डीसी सचिन गुप्ता

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि एलपीजी गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी एवं अनाधिकृत प्रयोग का मामला पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एलपीजी गैस आपूर्ति के सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और इस संदर्भ में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में सख्ती से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि इस कार्य के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में एलपीजी से संबंधित शिकायतों का त्वरित निवारण सुनिश्चित करेंगे। जारी आदेशों के तहत रोहतक के सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी अशोक कुमार (9416283975) को रोहतक व सांपला क्षेत्र तथा महम की सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी कुसुमलता (9518175506) को महम, कलानौर व लाखनमाजरा क्षेत्र का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। 

उपायुक्त ने आमजन से आह्वान किया कि यदि उन्हें एलपीजी गैस की कालाबाजारी या अनियमितता की कोई शिकायत हो तो वे संबंधित नोडल अधिकारी या जिला स्तर के हेल्पलाइन नंबर 01262-269895 पर संपर्क करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।