डीजल, पेट्रोल व रसोई गैस को लेकर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाईः उपायुक्त सचिन गुप्ता
सही व प्रमाणिक जानकारी देने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि जिला में डीजल, पेट्रोल तथा रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से सुचारू बनी हुई है और किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकतानुसार ही खरीदारी करें।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक के उपरांत जिला के अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार तेल व गैस एजेंसियों के साथ निरंतर संपर्क में है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला में डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आमजन को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इन आवश्यक वस्तुओं को लेकर अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं, जहां नागरिक डीजल, पेट्रोल या रसोई गैस से संबंधित किसी भी जानकारी या समस्या के लिए हेल्पलाइन नंबर 01262-245588 व 89501-27117 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आपूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी सुनिश्चित करें। साथ ही राज्य सरकार द्वारा भी निगरानी के लिए प्रशासनिक सचिवों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
उपायुक्त ने कहा कि भारत पैट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) द्वारा पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की पाइप लाइन नगर के विभिन्न क्षेत्रों में बिछाई जा रही है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कंपनी को जल्द से जल्द नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) जारी किए जाए ताकि पाइपलाइन बिछाने का कार्य जल्द से जल्द पूरा हो सके। इसके साथ ही उन्होंने कंपनी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह पाइप लाइन बिछाने से संबंधित अपना अग्रिम शेड्यूल जारी करें। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र के उद्योगपतियों का भी आह्वान किया कि वे अपने-अपने उद्योगों में पीएनजी का प्रयोग करें।
उपायुक्त ने कहा कि रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कालाबाजारी, जमाखोरी तथा गैस के अनाधिकृत प्रयोग को रोकने के लिए लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसके तहत समय-समय पर छापामारी कर जांच-पड़ताल भी की जा रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि कहीं गैस आपूर्ति में कोई अनियमितता नजर आती है, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि रसोई गैस के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में एलपीजी से संबंधित शिकायतों का त्वरित निवारण सुनिश्चित करेंगे। रोहतक के सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी अशोक कुमार को रोहतक व सांपला क्षेत्र तथा महम की सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी कुसुमलता को महम, कलानौर व लाखनमाजरा क्षेत्र का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया है कि यदि उन्हें एलपीजी गैस की कालाबाजारी या अनियमितता की कोई शिकायत हो तो वे संबंधित नोडल अधिकारी या जिला स्तर के हेल्पलाइन नंबर 01262-269895 पर संपर्क करें।
बैठक में नगर निगम आयुक्त डॉ. आनंद शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार, महम के एसडीएम विपिन शर्मा, नगराधीश अंकित कुमार, सिविल सर्जन डॉ. रमेश चन्द्र, डीएसपी रवि खूंडिया, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक मनीषा नेहरा, जिला खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी विनीत जैन आदि मौजूद थे।

Girish Saini 

