मंडियों में धान-बाजरा खरीद को लेकर हुड्डा का सरकार पर हमला

कहा, किसान एमएसपी से नीचे फसल बेचने को मजबूर, 3100 रुपये धान का वादा निभाए भाजपा

मंडियों में धान-बाजरा खरीद को लेकर हुड्डा का सरकार पर हमला

रोहतक, गिरीश सैनी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश की मंडियों में धान और बाजरा की सरकारी खरीद जल्द शुरू करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि खरीद में देरी के कारण किसानों को अपनी फसल कम दाम पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। हाल में प्रदेश सरकार ने बाजरा के लिए भावांतर भरपाई योजना के तहत 2,900 रुपये प्रति क्विंटल सुनिश्चित करने की बात कही है, जबकि धान की सरकारी खरीद को लेकर केंद्र की मंजूरी का इंतजार बताया गया है।

हुड्डा ने कहा कि मंडियों में फसल की आवक तेज है, लेकिन किसानों को पर्याप्त खरीद, तौल, उठान और भंडारण सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि खरीद में लिमिट लगाए जाने से किसानों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।

मकड़ौली खुर्द, लाढ़ौत, मकड़ौली कलां, नसीरपुर, चमारिया, सिसरोली और सांघी गांवों में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान धान के लिए 3,100 रुपये प्रति क्विंटल का भाव देने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि अब सरकार को अपना वादा निभाते हुए किसानों को उचित भाव सुनिश्चित करना चाहिए।

हुड्डा ने सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि किसान एमएसपी, युवा रोजगार, महिलाएं सुरक्षा, कर्मचारी पुरानी पेंशन और कच्चे कर्मचारी नौकरी की सुरक्षा जैसी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आगामी संघर्ष में प्रदेश की जनता कांग्रेस का साथ देगी।

इस दौरान पूर्व विधायक आनंद सिंह दांगी, प्रो. वीरेंद्र, चक्रवर्ती शर्मा, मोनू हुड्डा, कुलदीप सिंह नंबरदार सहित अन्य मौजूद रहे।