समाधान शिविर में लापरवाही पर सख्ती, डीसी ने लंबित शिकायतें समय पर निपटाने के निर्देश दिए

समाधान शिविर में लापरवाही पर सख्ती, डीसी ने लंबित शिकायतें समय पर निपटाने के निर्देश दिए

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविरों में लंबित और दोबारा खोली गई शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निपटारा किया जाए। नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक रवैये के साथ उचित समाधान सुनिश्चित करें।

उपायुक्त सोमवार को लघु सचिवालय सभागार में आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का वर्गीकरण कर उसके निपटारे की समयसीमा तय की जाए। समाधान शिविर में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।

उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जनकल्याणकारी सोच के तहत हर सोमवार और वीरवार सुबह 10 से 12 बजे तक जिला व उपमंडल मुख्यालयों पर समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य नागरिकों की विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं का एक ही स्थान पर त्वरित समाधान करना है।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे शिकायतों की पूरी जानकारी और तैयारी के साथ शिविर में आएं तथा विभागीय नोडल अधिकारी की मौजूदगी सुनिश्चित करें। शिकायतों पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी समय पर भेजी जाए। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।