पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करना है प्राथमिक लक्ष्यः प्रदेश प्रभारी संजय दत्त

भाजपा की जनविरोधी नीतियों का डटकर करें विरोधः प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र

पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करना है प्राथमिक लक्ष्यः प्रदेश प्रभारी संजय दत्त

चरखी दादरी, गिरीश सैनी। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बुधवार को दादरी में संवाद बैठक कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरा और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष सुशील धानक की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बाढ़डा और दादरी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया गया।

प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि भाजपा सरकार को सत्ता से हटाकर कांग्रेस को मजबूत स्थिति में लाने के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूती का आधार बूथ स्तर का संगठन है। भाजपा जाति और धर्म की राजनीति कर रही है, जबकि कांग्रेस सभी वर्गों को साथ लेकर चलती है। कार्यकर्ता भाजपा के दुष्प्रचार का जवाब देते हुए कांग्रेस की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने एसआईआर अभियान के तहत मतदाताओं के अधिकार और उनके वोट सुनिश्चित करने का संकल्प भी दिलाया।

प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवा, किसान, मजदूर, व्यापारी और कर्मचारियों सहित हर वर्ग को परेशान कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार के खिलाफ चल रहे आंदोलनों में मजबूती से भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी युवाओं और आम लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भी दायित्व है कि वे जनता की समस्याओं के लिए आवाज बुलंद करें। उन्होंने आंदोलनरत सफाई कर्मचारियों और पटवारियों की मांगें तत्काल मानने की मांग की और बिजली विभाग की एग्री डिस्कॉम और स्मार्ट मीटर योजना को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।

बैठक के अंत में जिला कांग्रेस कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इससे पहले नेताओं व कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री चौ. बंसीलाल की 99वीं जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

इस दौरान पूर्व सीपीएस रणसिंह मान, पूर्व विधायक गणपत राय, धर्मपाल सांगवान, सोमवीर सिंह, कर्नल रघुबीर सिंह छिल्लर व नृपेन्द्र मांढी, सुखविंद्र मांढी, डॉ मनीषा सांगवान, किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय कन्वीनर राजू मान, डॉ ओमप्रकाश, मनीराम सिरोहा, महेंद्र सोनी, समेत पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।