हरियाणा उद्योग व्यापार हित मंडल के प्रदेशाध्यक्ष ने सरकार को जनहित की समस्यायें दूर करने में नाकाम बताया

हरियाणा उद्योग व्यापार हित मंडल के प्रदेशाध्यक्ष ने सरकार को जनहित की समस्यायें दूर करने में नाकाम बताया

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा उद्योग व्यापार हित मंडल (रजि.) के प्रदेशाध्यक्ष अनिल भाटिया ने राज्य सरकार पर जनहित की समस्याएं दूर करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया है। शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेशाध्यक्ष भाटिया ने कहा कि भाजपा सरकार को व्यापारियों की हितैषी सरकार बताया जाता है, लेकिन आज देश व प्रदेश का व्यापारी डर के साये में जीने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि सरकारी अधिकारी व कर्मचारी जनता से टैक्स के नाम पर वसूली कर रहे हैं।व्यापारियों के सहयोग से बनी भाजपा सरकार में व्यापारियों को कोई सुविधा नहीं है।

 

उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि नगर निगम के किरायेदारों को स्वामित्व योजना के तहत मालिकाना हक देकर दुकानों का मालिक बनाने की तर्ज पर जिला सैनिक बोर्ड, जिला रेडक्रॉस समिति और बीडीओ दफ्तर की दुकानों के किरायेदारों को भी स्वामित्व योजना में शामिल करके उन्हें मालिकाना हक दिया जाए।

 

भाटिया ने हरियाणा उद्योग व्यापार हित मंडल के प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी ललित मोहन सैनी को सौंपी है। संगठन के शहरी प्रधान सूरज रसवंत ने कहा कि व्यापारियों का एख प्रतिनिधिमंडल जल्द ही मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता ललित मोहन सैनी, शहरी प्रधान सूरज रसवंत, प्रदेश उपाध्यक्ष नंदकिशोर कपूर, पूर्व पार्षद अमर अरोड़ा, सतीश कत्याल सहित अन्य मौजूद रहे।