प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी खरक ने दी केंद्र व हरियाणा सरकार की उपलब्धियों की जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम में संगठन को मजबूत करने और सरकार की योजनाएं आमजन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
रोहतक, गिरीश सैनी। भारतीय जनता पार्टी के रोहतक विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शूरसेन मंडल द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत स्थानीय सैनी कन्या स्कूल में मंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक रूप से मजबूत बनाना, पार्टी की विचारधारा से जोड़ना तथा केंद्र और हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना था, ताकि कार्यकर्ता इन योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा सकें।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलन तथा वन्दे मातरम् के साथ किया गया। बतौर मुख्य वक्ता, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह खरक ने केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी। खरक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और पारदर्शिता के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। केंद्र सरकार की नीतियों का मुख्य उद्देश्य गरीब, किसान, महिला और युवाओं को सशक्त बनाना है। प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत देश में 50 करोड़ से अधिक लोगों के बैंक खाते खोले गए हैं, जिससे गरीबों को सीधे सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इसी प्रकार प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 10 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को गैस कनेक्शन दिए गए हैं। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को प्रति परिवार 5 लाख रुपये तक का मुफ्त उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं।
हरियाणा की नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए खरक ने कहा कि सरकारी नौकरियों में बिना पर्ची, बिना खर्ची की व्यवस्था से भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता आई और युवाओं का भरोसा बढ़ा। हरियाणा सरकार विकास कार्यों को और तेज गति से आगे बढ़ा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हर वर्ग के जीवन स्तर में सुधार हो। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं।
प्रशिक्षण शिविर में सोशल मीडिया और एआई, भाजपा का इतिहास और विकास, बूथ प्रबंधन आदि विषयों पर सत्र आयोजित किए गए, जिसमें विभिन्न वक्ताओं ने विचार साझा किए। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष कंवल सिंह सैनी, पार्षद सुरेश किराड़ व कपिल नागपाल सहित काफी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Girish Saini 

