भारत रत्न डा. भीमराव अंबेडकर ‘सम्मान अभियान’ के तहत प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित

भाजपा एससी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पं. मोहन लाल सहित अन्य रहे मौजूद।

भारत रत्न डा. भीमराव अंबेडकर ‘सम्मान अभियान’ के तहत प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित

रोहतक, गिरीश सैनी। संविधान निर्माता, भारत रत्न डा. भीमराव अंबेडकर ‘सम्मान अभियान’ के तहत मंगलवार को रोहतक स्थित भाजपा कार्यालय मंगल कमल में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में भाजपा एससी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पं. मोहन लाल बड़ौली, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

 

मुख्य अतिथि लाल सिंह आर्य ने बाबा साहेब अंबेडकर सम्मान अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों को साझा करते हुए बताया कि भाजपा के अलावा भारत का कोई भी ऐसा राजनीतिक दल नहीं है जिसके राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय कार्यक्रमों में डॉ अंबेडकर की जयंती मनाई जाती हो। उन्होंने कहा कि भाजपा जैसे डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस, पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती व पार्टी का स्थापना दिवस बूथों पर मनाती है, उसी प्रकार बाबासाहेब अंबेडकर की जयंती मनाई जाती है।

 

राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने डॉ. अंबेडकर के जीवन को समर्पण, संघर्ष और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि कहा कि बाबा साहब ने समाज के सबसे गरीब और वंचित वर्गों के लाखों लोगों को आशा दी है। डॉ  अंबेडकर ने देश का संविधान ही नहीं लिखा, बल्कि देश में लोकतंत्र को मजबूत करने की व्यवस्था भी दी।  

 

प्रदेश अध्यक्ष पं. मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा ने ही सही मायने में बाबा साहेब का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कभी बाबा साहेब अंबेडकर का सम्मान नहीं किया। बड़ौली ने कहा कि 15 से 25 अप्रैल तक बाबा साहेब को लेकर प्रदेश भर में संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी झूठ की दुकान चलाती है और झूठे आरोप लगाने का काम करती है।

 

इस कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री व कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, मंत्री रणबीर गंगवा, एससी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष व पूर्व विधायक सत्य प्रकाश जरावता, ओबीसी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष मदन चौहान, पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर, पूर्व मंत्री डॉ बनवारी लाल, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, रोहतक के मेयर रामअवतार वाल्मीकि, कार्यक्रम संयोजक मनीष कटवाड़, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर सिंह खरक सहित अन्य प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, एससी और ओबीसी मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, सम्मान अभियान से जुड़े प्रदेश संयोजक, जिला संयोजक व सह-संयोजक मौजूद रहे।