राज्य स्तरीय सांझी उत्सव-2025 का शुभारंभ
प्रतिभागियों के लिए कुल ₹1,24,000 की पुरस्कार राशि निर्धारित।

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा लोक कला संघ रोहतक द्वारा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग हरियाणा के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सांझी उत्सव-2025 का शुभारंभ सोमवार को हुआ।
सुप्रसिद्ध कलाकार और हरियाणा सरकार द्वारा पुरावेत्ता पुरस्कार से सम्मानित लोक संस्कृति कर्मी राघवेंद्र मलिक ने स्थानीय एण्डी स्टूडियो में दीप प्रज्वलित कर इस उत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक लोककला “सांझी” की सुंदर झांकियां एवं चित्र प्रस्तुत किए। वहीं महिला कलाकारों और उत्सव में आई सैकड़ो दर्शक महिलाओं ने सांझी के लोकगीत गाकर हरियाणवी लोक संस्कृति को जीवंत किया।
प्रतिभागियों के लिए प्रथम, द्वितीय, तृतीय और सांत्वना पुरस्कार सहित कुल ₹1,24,000 की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। सांस्कृतिक परंपराओं को संजोने और नई पीढ़ी तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित यह उत्सव 1 अक्टूबर 2025 तक चलेगा।