सैनिकों व शहीदों को समर्पित रहेगा राज्य स्तरीय भगवान परशुराम जन्मोत्सव समारोहः सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा, रोहतक के तीसरे कैम्पस पहरावर में आयोजित होने जा रहे भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर राज्य स्तरीय समारोह में रोहतक की अहम भूमिका रहने वाली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सबका साथ-सबका विकास के मूल मंत्र पर प्रदेश को विकास की राह पर आगे बढ़ा रहे हैं। सन्त-महापुरुषों की जयंतियों की कड़ी में रोहतक पहुंचने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का धन्यवाद किया जाएगा, क्योंकि 50 साल बाद संस्था के तीसरे कैम्पस की शुरुआत हो रही है।
सोमवार को सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने भाजपा के संगठन पदाधिकारियों, नगर पार्षदों व पार्षद प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक में शुक्रवार को पहरावर में भगवान परशुराम जयंती पर राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर चर्चा की। डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा के तहत शैक्षणिक संस्थाओं से 36 बिरादरी के युवाओं को शिक्षा लेकर आगे बढ़ने का अवसर मिला है। इस संस्था के तीसरे कैम्पस पहरावर में 30 मई को होने वाले आयोजन में बतौर मुख्यातिथि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शिरकत करेंगे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पं. मोहन लाल बड़ौली अध्यक्षता करेंगे।
कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने वार्डों में, गांव में, कालोनी में आमजन को समारोह का निमंत्रण दें। उन्होंने कहा कि सैनिकों व शहीदों को समर्पित इस राज्य स्तरीय समारोह में हमें सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना है। बढ़ते कोरोना संक्रमण पर पूछे गए सवाल के जवाब में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश कोरोना संक्रमण की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग सतर्क है।