राज्य स्तरीय पशु प्रदर्शनी कुरुक्षेत्र में 6 से 8 फरवरी तकः उपायुक्त सचिन गुप्ता
पशुपालकों के लिए यात्रा व ठहरने की निशुल्क व्यवस्था।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि कुरुक्षेत्र में 6 से 8 फरवरी तक सरकार द्वारा राज्य स्तरीय पशु प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है, जिसमें पूरे प्रदेश से उत्तम नस्लों का पशुधन इकठ्ठा होगा। उन्होंने जिला के पशुपालकों से इस पशु प्रदर्शनी का भ्रमण करने का आह्वान किया। इसके लिए यात्रा व ठहरने की निशुल्क व्यवस्था की गई है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि जिला से पशु प्रदर्शनी के लिए तीनों दिन अर्थात 6 से 8 फरवरी तक प्रतिदिन 10 निशुल्क बसें चलाई जाएंगी। विभाग द्वारा इन बसों में पशुपालकों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा पशु मेले में अपना पशु ले जाने वाले पशुपालकों को विभाग की तरफ से आने-जाने का शुल्क दिया जाएगा तथा पशुओं के चारे व पानी की निशुल्क व्यवस्था की जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि इस प्रदर्शनी में प्रदेश भर से लगभग 1500 पशुओं के आने की संभावना है। आयोजन का उद्देश्य पशुपालकों को न सिर्फ उत्कृष्ट नस्ल के पशुधन से रूबरू करवाना है, बल्कि आधुनिक पशु तकनीकों तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी देना भी है। पशु मेला में भाग लेने वाले पशुपालकों एवं पशुओं की रहने की व्यवस्था भी विभाग द्वारा की जाएगी। पशु मेले में पशु चिकित्सकों की उपलब्धता 24 घंटे रहेगी, परन्तु फिर भी प्रतिभागी पशुपालक अपने पशुओं का बीमा अवश्य करवा कर ले जाये ।
विभाग के उपनिदेशक डॉ. रविंद्र हुड्डा ने बताया कि जिला से लगभग 90 पशुओं का इस मेले में भाग लेने का अनुमान है। रोहतक के उत्कृष्ट नस्लों के विभिन्न पशु इससे पूर्व भी पशु मेलों में बहुत से इनाम जीत चुके है। पशु प्रदर्शनी में कुल 53 श्रेणियों के पशुओं को शामिल किया जाएगा, जिनमें गाय, भैंस से लेकर भेड़, बकरी, घोड़ा, ऊंट सभी शामिल हैं।

Girish Saini 

