क्लिनिकल मनोविज्ञान में करियर के लिए समय रहते शुरू करें तैयारीः साक्षी

आरसीआई मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रमों, प्रवेश परीक्षाओं और रोजगार के अवसरों पर विद्यार्थियों को किया जागरूक

क्लिनिकल मनोविज्ञान में करियर के लिए समय रहते शुरू करें तैयारीः साक्षी

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के अनुप्रयुक्त मनोविज्ञान विभाग में पूर्व छात्रा साक्षी पूनिया ने विद्यार्थियों के साथ संवाद सत्र में क्लिनिकल मनोविज्ञान में उच्च शिक्षा और करियर की संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने आरसीआई से मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रमों, प्रवेश परीक्षाओं और व्यावसायिक प्रशिक्षण के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की।

साक्षी ने बताया कि सीमित सीटों के कारण आरसीआई मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा रहती है। विद्यार्थियों को मनोविज्ञान की मूल अवधारणाओं पर मजबूत पकड़ बनाने, नियमित अभ्यास और पुनरावृत्ति पर ध्यान देने की जरूरत है।

उन्होंने क्लिनिकल मनोविज्ञान, पुनर्वास और बाल परामर्श के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों के साथ अस्पतालों, मानसिक स्वास्थ्य संस्थानों और पुनर्वास केंद्रों में रोजगार की संभावनाएं बताईं। विदेशों में कार्य के लिए आवश्यक पंजीकरण और लाइसेंस प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को समय रहते करियर की तैयारी शुरू करने के लिए प्रेरित किया।