अंत्योदय मेले में 19 विभागों की 47 जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाए
रोहतक, गिरीश सैनी। मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना (एमएमएपीयूवाई) 2.0 के अंतर्गत गढ़ी-सांपला-किलोई विधानसभा क्षेत्र के लगभग 3 हजार पात्र लाभार्थियों के लिए रविवार को जिला विकास भवन स्थित डीआरडीए हॉल में अंत्योदय मेले का आयोजन किया गया, जिसमें 19 विभागों द्वारा संचालित 47 जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल स्थापित किए गए। इन स्टालों पर पात्र लाभार्थियों को उनकी रुचि, कौशल एवं पात्रता के अनुरूप स्वरोजगार तथा आयवर्धन से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई और लाभ प्राप्त करने के लिए उनका पंजीकरण किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा चिन्हित सभी पात्र लाभार्थियों को घर-घर जाकर मेले में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया था। मेले में पहुंचे लाभार्थियों ने अपनी पात्रता एवं आवश्यकता के अनुसार विभिन्न योजनाओं का चयन किया तथा योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदन एवं पंजीकरण की प्रक्रिया में भाग लिया।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अंत्योदय मेले का निरीक्षण किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मेले में पहुंच रहे लाभार्थियों की संख्या, पंजीकरण की स्थिति तथा योजनाओं के लिए प्राप्त आवेदनों के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने लाभार्थियों से भी बातचीत कर योजनाओं से संबंधित उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी प्राप्त की।
उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े परिवारों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में पहुंचने वाले प्रत्येक पात्र लाभार्थी को उसकी पात्रता एवं आवश्यकता के अनुरूप योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रभावी मार्गदर्शन प्रदान किया जाए तथा पंजीकरण के बाद लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाने की आगामी प्रक्रिया को भी शीघ्रता से पूरा किया जाए।
अंत्योदय मेले में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध करवाई गई। लाभार्थियों की सुविधा के लिए अलग-अलग विभागों के स्टॉल स्थापित किए गए थे, जहां उन्होंने अपनी आवश्यकता के अनुसार योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और लाभ लेने के लिए आवेदन किया। मेले में परिवार पहचान पत्र (पीपीपी/फैमिली आईडी) से संबंधित सेवाओं के लिए विशेष काउंटर भी स्थापित किए गए।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि योजना के तहत चिन्हित प्रत्येक पात्र परिवार तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए और किसी भी पात्र व्यक्ति को जानकारी के अभाव में सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहना पड़े। इस दौरान हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता दांगी, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, सांपला की एसडीएम अंकिता पुवार, सांपला के तहसीलदार गुलाब सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी महाबीर गोदारा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Girish Saini 

