खेल हमारे आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं: कुलपति प्रो सुदेश 

शॉट पुट में निकिता, लम्बी कूद में तमन्ना व डिस्कस थ्रो में कुसुम बनी विजेता। 

खेल हमारे आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं: कुलपति प्रो सुदेश 

खानपुर कलां, गिरीश सैनी। खेल गतिविधियां हमें समयबद्धता, धैर्य, अनुशासन, समूह में कार्य करना और लगन सिखाते हैं। खेल गतिविधियां हमारे आत्मविश्वास के स्तर को बढ़ावा देती हैं, तथा हमें अधिक सक्रिय व स्वस्थ रखती हैं। ये विचार भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो सुदेश ने विश्व एथलेटिक्स दिवस पर शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा छात्र कल्याण निदेशालय के सहयोग से आयोजित एथलेटिक्स प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि व्यक्त किए।

कुलपति प्रो सुदेश ने हवा में गुब्बारे छोड़कर औपचारिक रूप से इस एथलेटिक्स मीट के प्रारंभ  की घोषणा की तथा सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी। कुलपति ने छात्राओं को खेलों में बढ़-चढ़ कर भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने एवं मानसिक आराम प्रदान करने के लिए खेलकूद अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि खेल क्षेत्र में करियर की बेहतरीन संभावनाएं हैं। कुलपति ने कहा कि विवि अपनी खिलाड़ी छात्राओं को पूरा प्रोत्साहन तथा जरूरी सहयोग हमेशा प्रदान करेगा, ताकि छात्राएं खेल क्षेत्र में परचम लहरा सकें।

शारीरिक शिक्षा विभाग की अध्यक्ष डॉ सुमन दलाल ने स्वागत संबोधन किया। कार्यक्रम संचालन डॉ मुकेश धनखड़ ने किया। इस खेल प्रतियोगिता में विवि के विभिन्न विभागों के अलावा कन्या गुरुकुल तथा यूनिवर्सिटी कैंपस स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान डीन आर्ट एंड लैंग्वेजेज प्रो अशोक वर्मा, कन्या गुरुकुल की प्राचार्या सुमिता सिंह सहित विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, प्राध्यापक, गैर शिक्षक कर्मचारी एवं प्रतिभागी खिलाड़ी मौजूद रहे।
 

परिणाम:
शारीरिक शिक्षा विभाग की अध्यक्ष डॉ सुमन दलाल ने बताया कि 400 मीटर रेस (पुरुष गैर शिक्षक) में स्थान मंजीत, डिस्कस थ्रो (पुरुष गैर शिक्षक) में राजबीर, 100 मीटर रेस (महिला शिक्षक) में पूनम, वॉक रनिंग (महिला शिक्षक) में डॉ मुकेश प्रथम रहे। 
वहीं छात्राओं के 100 मीटर रेस में तन्नू, शॉट पुट में निकिता, लम्बी कूद में तमन्ना, डिस्कस थ्रो में कुसुम, 
जैवलिन थ्रो में अदिति तथा 50 मीटर फ्रॉग रेस में अक्षा चौधरी ने प्रथम स्थान हासिल किया।