आध्यात्मिक गुरु संत राजिन्दर सिंह आएंगे रोहतक
प्रवचन व आध्यात्मिक दीक्षा कार्यक्रम 30 सितंबर को।

रोहतक, गिरीश सैनी। सावन कृपाल रूहानी मिशन के प्रमुख एवं प्रख्यात आध्यात्मिक गुरु - संत राजिन्दर सिंह महाराज 30 सितंबर को रोहतक में आयोजित सत्संग प्रवचन व नामदान कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। रोहतक शहर में यह उनकी नौवीं यात्रा होगी।
स्थानीय गोहाना रोड स्थित कृपाल आश्रम द्वारा नई अनाज मंडी में आयोजित इस कार्यक्रम में 30 सितंबर को सायं 7 बजे संत राजिन्दर सिंह आध्यात्मिक प्रवचन द्वारा श्रद्धालुओं को निहाल करेंगे। 30 सितंबर को ही रात्रि 9 बजे आध्यात्मिक दीक्षा (नामदान) कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। ये जानकारी कृपाल आश्रम में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में मिशन के सदस्यों ने दी। इस दौरान सौरव नरूला, प्रेम बांगिया, मनोज नारंग, रविंदर बत्रा, जी.आर ग्रोवर और तरुण ठकराल विशेष रूप से मौजूद रहे।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली सहित आसपास के क्षेत्रों के अलावा विदेशों से भी काफी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। सावन कृपाल रूहानी मिशन, जिसे साइंस ऑफ स्पिरिचुअलिटी के नाम से भी जाना जाता है, द्वारा जीवन के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े असंख्य लोगों को ध्यान-अभ्यास की विधि सिखाई जा रही है। ध्यान-अभ्यास पर आधारित संत राजिन्दर सिंह की पुस्तकें विश्व की 55 से अधिक भाषाओं में उपलब्ध हैं।