महिला सशक्तिकरण पर विशेष कार्यक्रम आयोजित

महिला सशक्तिकरण पर विशेष कार्यक्रम आयोजित

रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय लालनाथ हिंदू कॉलेज में महिला प्रकोष्ठ एवं स्त्री शक्ति संगठन ट्रस्ट के संयुक्त तत्वाधान में महिला सशक्तिकरण एवं नए भारत की दृष्टि पर केंद्रित स्त्री विमर्श विषय पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।  कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।

 

वक्ताओं ममता शर्मा, कंचन बाला, सरोज राठी, नीना राठी, ममता भोला सहित अन्य ने महिला शक्ति के महत्व, उनके अधिकारों, उनके आर्थिक उत्थान और राष्ट्र की प्रगति में उनकी भूमिका पर अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने प्राचीन से आधुनिक स्तर पर नारी की बदलती भूमिका पर प्रकाश डाला।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ अनिल कुमार तनेजा ने कहा कि स्त्री व पुरुष एक दूसरे के पूरक होते हैं। एक आगे चलता है तो दूसरा उसका साथ देता है। कार्यक्रम में विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गई। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

 

डॉ. चित्रा शर्मा ने बताया कि महिला सशक्तिकरण का संदेश और अधिक सशक्त बनाने के लिए कन्या भ्रूण हत्या एक अभिशाप विषय पर आधारित एक हृदयस्पर्शी नाटक का मंचन किया गया। मधुकांत द्वारा लिखित एवं डॉ रजत शर्मा द्वारा निर्देशित इस नाटक में सोनिका पवार ने अहम भूमिका निभाई। महिला प्रकोष्ठ समन्वयक डॉ प्रोमिला यादव ने उपस्थित जन को स्वदेशी अपनाओ व देश बचाओ की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए भी प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन कल्याण मंत्र के साथ हुआ।