बीएमयू में ऑनलाइन शिक्षा एवं वैश्विक रोजगार अवसरों पर विशेष व्याख्यान आयोजित

विद्यार्थियों को दी रिमोट जॉब्स और डिजिटल कौशल की जानकारी।

बीएमयू में ऑनलाइन शिक्षा एवं वैश्विक रोजगार अवसरों पर विशेष व्याख्यान आयोजित

रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर में मूक एवं स्वयं प्रकोष्ठ के तत्वावधान में ऑनलाइन शिक्षा से वैश्विक आय तकः निःशुल्क पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को रिमोट जॉब्स प्राप्त करने में कैसे सहायक हैं विषय पर एक विशेष ऑनलाइन रोजगार अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षण प्लेटफॉर्म, डिजिटल कौशल, अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों तथा वैश्विक रोजगार अवसरों के प्रति जागरूक करना था।

बतौर मुख्य वक्ता, आकांक्षा ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में ऑनलाइन शिक्षा एवं निःशुल्क प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम करियर निर्माण और रोजगार सृजन के अत्यंत प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। उन्होंने बताया कि स्वयं, मूक तथा अन्य अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन शिक्षण पोर्टलों के माध्यम से उपलब्ध पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को तकनीकी, व्यावसायिक एवं संचार कौशल प्रदान करते हैं, जिससे वे राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर रिमोट जॉब्स, फ्रीलांसिंग और इंटर्नशिप के अवसर प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि ऑनलाइन पाठ्यक्रम केवल ज्ञानवर्धन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों के रिज्यूमे को भी सशक्त बनाते हैं और उन्हें वैश्विक रोजगार बाजार की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करते हैं। संवादात्मक सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने इंटर्नशिप, कौशल विकास, ऑनलाइन प्रमाणन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल कार्य संस्कृति तथा अंतरराष्ट्रीय करियर अवसरों से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया।