भारतीय सशस्त्र सेना में हरियाणा के सैनिकों का विशेष योगदानः पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर
एमडीयू में कारगिल विजय दिवस स्मृति नमन कार्यक्रम आयोजित।
रोहतक, गिरीश सैनी। कारगिल युद्ध में भारतीय सशस्त्र सेना के जांबाज सैनिकों के अदम्य साहस, दृढ़ इच्छा शक्ति, राष्ट्र भक्ति तथा राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए एमडीयू में कारगिल विजय दिवस स्मृति नमन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
छात्र कल्याण कार्यालय तथा जम्मू कश्मीर अध्ययन केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में सामरिक विषय अध्ययन के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ कैप्टन (डा.) आलोक बंसल ने बतौर मुख्य वक्ता शिरकत की। पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर विशिष्ट अतिथि के रूप में तथा एनसीसी ग्रुप हेडक्वार्टर (रोहतक) के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर राम नरेश बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने की।
मुख्य वक्ता कैप्टन आलोक बंसल ने कहा कि कारगिल युद्ध में भारत के वीर सैनिकों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए दुश्मन देश को करारा जवाब दिया, और विजय पताका फहराया। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्र में लड़ा गया ये युद्ध भारतीय सेना के पराक्रम को पूरे विश्व के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने इस युद्ध में शहीद होने वाले 527 जाँबाज सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।
पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि पूरे देश को कारगिल युद्ध में वीरता, साहस तथा बलिदान के पर्याय भारतीय सैनिकों पर गर्व है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतीय को कारगिल विजय दिवस का स्मरण करते हुए उन वीर सैनिकों को श्रद्धापूर्वक याद करना चाहिए। पूर्व मंत्री ग्रोवर ने कहा कि भारतीय सशस्त्र सेना में हरियाणा राज्य के सैनिकों का विशेष योगदान है।
मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर राम नरेश ने कहा कि केवल देश के लिए जान न्यौछावर करने वाले सैनिकों का ही स्मरण नहीं, समाज के सभी सैनिकों को सम्मान देना चाहिए क्योंकि वो राष्ट्र हित में दायित्व का वहन करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को एनसीसी से जुड़ने तथा राष्ट्र के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने कहा कि युवा पीढ़ी को कारगिल युद्ध में प्राण न्यौछावर करने वाले वीर सैनिकों से प्रेरणा लेनी चाहिए और राष्ट्र प्रथम की भावना के राष्ट्रीय सरोकारों से जुड़ना चाहिए। कुलपति ने एमडीयू के यूनिवर्सिटी कैंपस स्कूल के एलुमनी शहीद ले. कुलदीप राठी के बलिदान का स्मरण किया।
प्रारंभ में डीन छात्र कल्याण प्रो. सपना गर्ग ने स्वागत भाषण किया। आभार प्रदर्शन कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने किया। इस दौरान सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी कर्नल आर.एस. सुहाग, समाजसेवी सुभाष आहूजा, नीना बंसल, सुनीता गहलावत, निदेशक युवा कल्याण डा. प्रताप राठी, एनसीसी प्रभारी डा. आरती, जम्मू कश्मीर अध्ययन केंद्र के डा. विवेक बालियान, कर्नल सुखबिन्दर सिंह सहित विवि के शिक्षक, एनसीसी कैडेट्स व विद्यार्थी मौजूद रहे।
Girish Saini 

