जनभागीदारी से चलाया जाएगा विशेष सफाई अभियानः मेयर
स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता होगी।
रोहतक, गिरीश सैनी। ‘‘हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान-2025’’ की विस्तृत जानकारी देने के उद्देश्य से रोहतक नगर निगम के मेयर रामअवतार वाल्मीकि की अध्यक्षता में निगम पार्षदों की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित पार्षदों ने इस अभियान को सफल बनाने व सफाई कार्य में पूर्ण सहयोग देने के लिए सहमति जताई।
निगम द्वारा 30 अगस्त को सभी वार्डों में चिन्हित मॉर्किट, रेहड़ी/फड़ी, होटल/रेस्टोरेंट, बैंक्वेट हॉल, सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं, एनजीओ, आरडब्लूए, शिक्षण संस्थानों, डेयरी, चारे वाले, औद्योगिक एसोसिएशन आदि के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें उन्हें ‘‘हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान-2025’’ के साथ जुड़ने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। मेयर ने कहा कि इस अभियान को महाअभियान बनाते हुए जनभागीदारी के साथ रोहतक शहर को सबसे स्वच्छ शहर बनाया जाएगा।
इस दौरान नगर निगम आयुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि नगर निगम द्वारा ‘‘हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान-2025’’ के तहत सभी वार्डो में विशेष अभियान चलाया जाएगा और स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता करवाई जाएगी। मेयर व निगम अधिकारियों ने पार्षदों का आह्वान किया कि वे अपने-अपने वार्डों में सफाई के प्रति जागरूकता फैलाते हुए लोगों को इस अभियान के साथ जोड़ें।
Girish Saini 


