गांव भालौट में चलाया विशेष स्वच्छता अभियान
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता एवं अतिरिक्त उपायुक्त व जिला परिषद के सीईओ नरेंद्र कुमार के निर्देशानुसार जिला के सभी गांवों में स्वच्छ गांव सुरक्षित जलवायु अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में बीडीपीओ जितेंद्र चौहान के नेतृत्व में रोहतक खंड की ग्राम पंचायत भालौट में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
इस दौरान ग्राम सरपंच ने ग्रामीणों से स्वच्छता के लिए श्रमदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है तथा स्वच्छता संबंधी प्रयासों में निरंतरता बनाए रखना समय की आवश्यकता है। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की खंड समन्वयक निशा एवं सुखबीर ने उपस्थित ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
ग्रामीणों को कचरा पृथक्कीकरण (सूखा एवं गीला कचरा अलग-अलग रखने), घरों में होम कम्पोस्टिंग अपनाने, नालियों एवं सडक़ों पर कचरा न फेंकने तथा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन में ही कचरा डालने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण में अपना सक्रिय योगदान देने का संकल्प भी लिया।

Girish Saini 

