नगर निगम रोहतक द्वारा वार्ड 1 व 6 में विशेष सफाई अभियान चलाया गया

सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा फेंकने वालों के हो रहे चालान।

नगर निगम रोहतक द्वारा वार्ड 1 व 6 में विशेष सफाई अभियान चलाया गया

रोहतक, गिरीश सैनी। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर निगम, रोहतक द्वारा लगातार विशेष सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को नगर निगम द्वारा जनभागीदारी से वार्ड नं. 1 व 6 में महा सफाई अभियान चलाया गया। विशेष सफाई अभियान का शुभारंभ मेयर राम अवतार ने किया। इस दौरान पार्षद एवं निगम के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

मेयर राम अवतार ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर शहर का निर्माण केवल निगम के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए आम नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि निगम का लक्ष्य प्रत्येक वार्ड में बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करना तथा लोगों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है।

इस दौरान लगभग 50 सफाई कर्मियों, 1 ट्रैक्टर-ट्राली तथा 7 रेहड़ियों की सहायता से सफाई कार्य किया गया। वार्ड की मुख्य सड़कों, गलियों, सार्वजनिक स्थलों व विशेषकर आगामी मानसून के मद्देनजर सफाई की गई, ताकि बरसात के समय जलभराव न हो।

मेयर ने मौके पर अधिकारियों को निर्देश दिए कि वार्ड में कहीं भी कूड़ा जमा न होने दिया जाए तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सफाई संबंधी शिकायतें प्राप्त होने पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए।

नगर निगम के आयुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि निगम द्वारा सभी वार्डो में विशेष सफाई अभियान जनभागीदारी से चलाये जाएंगे, ताकि सफाई कार्य और अधिक बेहतर एवं प्रभावी ढंग से किया जा सके। इसके अलावा, निगम की टीमों द्वारा गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध निरंतर कार्यवाही की जायेगी तथा संबंधित के चालान किए जायेंगें।

उन्होंने बताया कि बुधवार को निगम एवं प्रदूषण कन्ट्रोल बोर्ड की टीम ने शहर के मुख्य मार्गो, बाजारो में संयुक्त निरीक्षण करते हुए सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा फेंककर गंदगी फैलाने वाले 16 व्यक्तियों के चालान कर 6000 रुपये का जुर्माना व प्रतिबंधित प्लास्टिक बेचने वालों के 2 चालान कर 1000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।