मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए 12, 13, 26 व 27 सितंबर को विशेष अभियानः उपायुक्त

बूथों पर सुबह 9 से शाम 5 बजे तक दावे-आपत्तियां लेंगे बीएलओ।

मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए 12, 13, 26 व 27 सितंबर को विशेष अभियानः उपायुक्त

रोहतक, गिरीश सैनी। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत जिले में 12, 13, 26 और 27 सितंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सतबीर सिंह ने बताया कि इन चारों दिनों में सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे और पात्र नागरिकों से मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष अभियान के दौरान मतदान केंद्रों से जुड़े सरकारी एवं गैर-सरकारी स्कूलों तथा कार्यालयों को खुला रखा जाए, ताकि नागरिक आसानी से निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर सकें। उन्होंने इन संस्थानों के स्टाफ में से जिम्मेदार कर्मचारी या चौकीदार की ड्यूटी लगाने के भी निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने तथा दावे-आपत्तियां प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी है। नागरिक निर्धारित तिथियों पर अपने मतदान केंद्र पहुंचकर इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं।