एसपी गौरव राजपुरोहित ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

अपराध, कानून व यातायात व्यवस्था पर की गई चर्चा।

एसपी गौरव राजपुरोहित ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

रोहतक, गिरीश सैनी। जिला पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष यादव, ट्रेनी आईपीएस रविन्द्र कुमार, डीएसपी मुख्यालय रवि खुंडिया, डीएसपी सांपला राकेश, डीएसपी महम तनुज शर्मा सहित सभी थाना/चौकी प्रभारी, प्रभारी सीआईए स्टाफ व अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे है। बैठक में अपराध, कानून व्यवस्था, यातायात व्यवस्था व पुलिस कार्यप्रणाली पर विस्तृत चर्चा की गई।

पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने कहा कि प्रभारी थाना व प्रभारी चौकी प्रतिदिन थाना/चौकी में बैठकर आमजन की शिकायत/समस्याएं सुने तथा उन्हें कानून अनुसार हल करने के हर संभव प्रयास करें। थाना में प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों को सीसीटीएनएस पोर्टल पर अपलोड करें और शिकायतकर्ता को शिकायत की रसीद अवश्य दें। सभी शिकायतों का तय समय सीमा के अंदर निपटारा करें। संज्ञेय अपराध की शिकायत मिलने पर तुरंत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू करें। शिकायत झूठी पाई जाने पर शिकायतकर्ता के खिलाफ कानून अनुसार कार्यवाही करें।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रत्येक माह सभी पुलिस अधिकारियों की बैठक ली जाएगी। बैठक में सभी प्रभारी थाना, प्रभारी सीआईए, प्रभारी चौकी, थाना मुंशी, प्रभारी ब्रांच के कार्य की समीक्षा की जाएगी। सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाले प्रभारी थाना/सीआईए/चौकी/मुंशी/ब्रांच को प्रशंसा पत्र से सम्मानित किया जाएगा तथा प्रोत्साहित किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी प्रभारी थाना/चौकी सुनिश्चित करें कि पैट्रोल पंपों, होटलों, ढाबों, स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों, मॉर्केट, कोचिंग संस्थानों व अन्य सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हों। सरपंच व संबंधित अधिकारियों से समन्वय बनाते हुए सुनिश्चित किया जाए कि सभी गांवों के मेन एंट्री/एग्जिट प्वाइंट पर अच्छे एवं उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरा लगवाए जाएं।

उन्होंने सभी प्रभारी थाना/चौकी को अपने संबंधित एरिया में प्रभावी पेट्रोलिंग प्लान तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि एरिया में घटित होने वाले अपराधों तथा अपराध घटित होने के समय का आकलन करते हुए पेट्रोलिंग प्लान बनाए। थाना प्रभारी स्वयं भी मुख्य रूप से सायं काल व रात्रि के समय पेट्रोलिंग अवश्य करें। समय-समय पर सीलिंग प्लान के तहत नाकाबंदी कर वाहनो की जांच करे और मुख्य रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वाले, ब्लैक फिल्म लगे वाहनों, अवैध तरीके से लाल/नीली बत्ती लगे वाहनों, ट्रिपल राइडिंग, बगैर नंबर प्लेट वाले वाहनों, बुलेट से पटाखा आदि के चालान करें।

पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रभारी थाना/चौकी को नशे की तस्करी करने व अवैध रूप से नशीले पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने जिला रोहतक में सक्रिय गैंगस्टरों के सदस्यों के खिलाफ भी सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

महिला सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए सभी प्रभारी थाना अपने-अपने एरिया में हॉटस्पॉट चिन्हित करें, जहां महिलाओं/युवतियों के साथ छेड़छाड़ आदि की घटनाएं होती है। चिन्हित स्थानों पर महिला पुलिस बल तैनात किया जाए। महिला विरुद्ध अपराधों में अनुसंधानकर्ता द्वारा गहनता से मामले की जांच की जाए तथा तय समय सीमा के अन्दर चालान न्यायालय में पेश किया जाए। पीड़िता को कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा काउंसलिंग भी कराई जाए।