सुपवा के छात्र का साउंड डिजाइन सुनाई देगा द केरला स्टोरी 2 में

ऑडियोग्राफी ग्रेजुएट यतिन मचा रहे साउंड मिक्सिंग की दुनिया में धूम।

सुपवा के छात्र का साउंड डिजाइन सुनाई देगा द केरला स्टोरी 2 में

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) के छात्र यतिन हांडा का साउंड डिजाइन बॉलीवुड फिल्म द केरला स्टोरी 2 - गोज बियॉन्ड में सुनने को मिलेगा। सुपवा के 2017 बैच के ऑडियोग्राफी ग्रेजुएट यतिन हांडा फिल्मों की साउंड मिक्सिंग में बड़ा नाम बनकर उभरे हैं। डॉल्बी एटमॉस प्रीमिक्सिंग में महारत हासिल करने वाले यतिन इससे पहले हाउसफुल-5, द साबरमती रिपोर्ट, श्रीकांत जैसी फिल्मों में भी अपना हुनर दिखा चुके हैं।

कुलपति डॉ. अमित आर्य ने बताया कि लुधियाना में जन्मे और पले-बढ़े यतिन ने स्कूली शिक्षा के बाद सुपवा में दाखिला लिया और फिल्म व साउंड आर्ट्स के लिए विशेष तौर पर डिजाइन बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स (ऑडियोग्राफी और साउंड पोस्ट प्रोडक्शन) में दाखिला लेकर सफलतापूर्वक ग्रेजुएशन पूरी की। कुलपति ने कहा कि डीएलसी सुपवा देश का एकमात्र ऐसा सरकारी विवि है, जहां फिल्म इंडस्ट्री की जरूरत के मुताबिक विभिन्न कोर्स चलाए जा रहे है।

यतिन हांडा ने द केरला स्टोरी 2 गोज बियॉन्ड में एटमॉस प्रीमिक्स इंजीनियर के रूप में अपने योगदान की जानकारी देते हुए कहा कि फिल्म में जो भी साउंड दर्शकों को सुनाई देगा, उसकी मिक्सिंग का कार्य उन्होंने किया है। इसके अलावा ओटीटी पर आने वाली वेब सीरीज मिसमैच्ड सीजन 3, अग्नि और सिविल लाइन्स में भी उन्होंने ही साउंड मिक्सिंग की है। इससे पहले पंजाबी फिल्म बदनाम, सरबाला जी, नानक नाम जहाज का में भी उन्होंने ही साउंड मिक्सिंग की है। उन्होंने वेब सीरीज द हंटः द राजीव गांधी एसेसिनेशन केस का भी साउंड डिजाइन किया गया था, जिसे बेस्ट साउंड डिजाइन के लिए 2025 का फिल्मफेयर ओटीटी अवार्ड मिल चुका है।

एफटीवी डिपार्टमेंट के एफसी महेश टीपी ने बताया कि यतिन की प्रतिभा यू पढ़ाई के दौरान नजर आने लगी थी। सुपवा द्वारा निर्मित शॉर्ट फिल्म द अनओन्ड हाउस में यतिन ने ही साउंड डिजाइन किया था। ये शॉर्ट फिल्म कई फिल्म फेस्टिवल्स में चयनित हुई। कॉलेज फिल्म के तौर पर कान्स वर्ल्ड फिल्म फेस्टिवल में इसने बेस्ट वूमेन फिल्म का पुरस्कार जीता, जबकि ज्योति फिल्माटो फिल्म फेस्टिवल बैंगलोर 2021 में विजेता रही और आईसीए इंटरनेशनल कल्चरल आर्टिफेक्ट फिल्म फेस्टिवल में भी अवार्ड हासिल किया। कॉलेज प्रोजेक्ट की ही डॉक्यूमेंट्री फिल्म खोरी भी कई फिल्म फेस्टिवल्स में चयनित हुई, जिसकी साउंड मिक्सिंग भी यतिन ने ही की थी। यतिन द्वारा साउंड मिक्सिंग वाली कॉलेज प्रोजेक्ट की एक अन्य डॉक्यूमेंट्री फिल्म बिहाइंड द डोर भी कई फिल्म फेस्टिवल्स का हिस्सा बनी और 12वें पुणे शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल 2022 में सर्वश्रेष्ठ गैर-काल्पनिक फिल्म का पुरस्कार जीतने में कामयाब रही।

विपुल अमृतलाल शाह और उनके बैनर सनशाइन पिक्चर्स के सपोर्ट से बनी द केरल स्टोरी 2 - गोज बियॉन्ड का ट्रेलर 18 फरवरी को लॉन्च होने के बाद से चर्चा में है। कामाख्या नारायण सिंह द्वारा निर्देशित ये फिल्म 27 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। विदित रहे कि मई 2023 में आई द केरला स्टोरी के पहले भाग ने 303 करोड़ रुपये से अधिक का बिजनेस किया था, जबकि इसकी लागत महज 15 करोड़ रुपये बताई गई थी।