देशभर में आज मनाया जाएगा सोमनाथ स्वाभिमान पर्व
किलोई स्थित प्राचीन शिव मंदिर में आयोजित होगा जिला स्तरीय कार्यक्रमः डीसी सचिन गुप्ता
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण की वर्षगांठ के अवसर पर 11 मई 2026 को प्रातः 9.00 बजे प्रदेशभर में जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। गांव किलोई स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए आह्वान किया कि वे भी जिला के सभी मंदिरों में कार्यक्रम मनाएं तथा मंदिरों की साफ-सफाई व साज-सज्जा करवाये। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमनाथ मंदिर से जिला स्तरीय कार्यक्रम में वर्चुअली अपना संदेश देंगे। उन्होंने कहा कि जिला के अन्य मंदिरों में भी प्रधानमंत्री के लाइव टेलीकास्ट के लिए प्रबंध करवायें।
उपायुक्त ने कहा कि जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकाली जायेंगी, जिसमें साधु संत भी शामिल होंगे। कार्यक्रम स्थल पर सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा सोमनाथ मंदिर से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं से संबंधित प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी होगी। इस समारोह के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक प्रबंध करवाये जा रहे है तथा जिला स्तरीय समारोह में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवायी जायेगी।

Girish Saini 

