पारदर्शी शासन की नींव मजबूत करने में सामाजिक अंकेक्षण की अहम भूमिकाः एचआईआरडी निदेशक डॉ. चौहान

पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न।

पारदर्शी शासन की नींव मजबूत करने में सामाजिक अंकेक्षण की अहम भूमिकाः एचआईआरडी निदेशक डॉ. चौहान

नीलोखेड़ी, गिरीश सैनी। सामाजिक अंकेक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। यह शासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी को सुदृढ़ करते हुए विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करता है। ये विचार हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने सामाजिक अंकेक्षण विषय पर आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन सत्र को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

कार्यक्रम समन्वयक डॉ. वजीर सिंह ने प्रशिक्षण की संपूर्ण रूपरेखा और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिभागियों को सामाजिक अंकेक्षण की अवधारणा, प्रक्रिया, कानूनी प्रावधानों, व्यवहारिक अभ्यास तथा क्षेत्रीय अनुभवों से संबंधित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

निदेशक डॉ. वीरेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि ग्रामीण विकास योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी आमजन तक पहुंच सकता है, जब उनके क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जनसहभागिता और उत्तरदायित्व सुनिश्चित हो। उन्होंने प्रतिभागियों से आह्वान किया कि प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में प्रभावी ढंग से लागू करें तथा सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया को और अधिक सशक्त एवं परिणामोन्मुख बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

डॉ. चौहान ने कहा कि सामाजिक अंकेक्षण केवल योजनाओं की समीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनता और प्रशासन के बीच विश्वास को मजबूत करने का माध्यम भी है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों के साथ संवाद कर व्यवहारिक अनुभव साझा किए तथा भविष्य में सामाजिक अंकेक्षण को अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया। डॉ. चौहान ने  कहा कि जनसुनवाई सामाजिक अंकेक्षण की आत्मा है, क्योंकि इसके माध्यम से आम नागरिक अपनी बात खुलकर रख सकते हैं और योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े तथ्य सार्वजनिक रूप से सामने आते हैं।

इस दौरान संसाधन व्यक्ति संजीव, पिंकी एवं ललिता, संस्थान के अधिकारी, प्रशिक्षण समन्वयक तथा विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागी मौजूद रहे। अंत में प्रतिभागियों को प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।