लघु उद्योगों से बढ़ेगा रोजगार, मजबूत होगी स्थानीय अर्थव्यवस्थाः डीसी सतबीर सिंह

लघु उद्योगों से बढ़ेगा रोजगार, मजबूत होगी स्थानीय अर्थव्यवस्थाः डीसी सतबीर सिंह

रोहतक, गिरीश सैनी। राष्ट्रीय लघु उद्योग दिवस पर उपायुक्त सतबीर सिंह ने जिले के उद्यमियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लघु उद्योग रोजगार सृजन, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और युवाओं में उद्यमशीलता की भावना विकसित करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। आत्मनिर्भर और सशक्त अर्थव्यवस्था के निर्माण के लिए लघु उद्योगों का विस्तार बेहद महत्वपूर्ण है।

उपायुक्त ने कहा कि छोटे एवं मध्यम स्तर के उद्यम स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा करने के साथ युवाओं को स्वरोजगार और नए व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के विजन से प्रेरणा लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार नए उद्यमों को प्रोत्साहन, नवाचार को बढ़ावा और उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

डीसी सतबीर सिंह ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं का लाभ उठाकर युवा अपनी उद्यमशीलता की क्षमता को नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने उद्यमियों से आधुनिक तकनीक, नए विचारों और नवाचार को अपनाकर कारोबार का विस्तार करने तथा अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लघु उद्योग दिवस केवल लघु उद्योगों के योगदान को सम्मान देने का अवसर नहीं, बल्कि युवाओं और भावी उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करने का भी महत्वपूर्ण दिन है।